मान्यता 5 तक, पढ़ाई 8 तक! कुसौरा बाज़ार के स्कूल में अनियमितताओं का मामला उजागर


 

दिलीप कुमार । कलवारी, बस्ती।

बस्ती जिले के कुसौरा बाज़ार में स्थित आर्मी एकेडमी कुसौरा बाज़ार में शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय को मान्यता केवल कक्षा 5 तक की है, जबकि यहां कक्षा 8 तक की पढ़ाई कराई जा रही है।



इस संबंध में जब विद्यालय के प्रधानाध्यापक अखिलेश चौधरी से पूछताछ की गई, तो उन्होंने स्वयं स्वीकार किया कि स्कूल की मान्यता कक्षा 5 तक ही है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों की मार्कशीट और ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) किसी अन्य विद्यालय से बनवाए जाते हैं। हालांकि, संबंधित विद्यालय का नाम बताने से उन्होंने इनकार कर दिया, जिससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया है।



इसी बीच एक अभिभावक ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उनकी बेटी, जो कक्षा 6 उत्तीर्ण कर चुकी है, को पिछले एक सप्ताह से टीसी और मार्कशीट के लिए बार-बार स्कूल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। आरोप है कि विद्यालय प्रशासन द्वारा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं।



इस प्रकरण ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। एक ओर बिना मान्यता के उच्च कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर छात्राओं को आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेज देने में लापरवाही बरती जा रही है।


विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की अनियमितताओं से छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, क्योंकि बिना वैध मान्यता के जारी प्रमाणपत्रों की विश्वसनीयता संदिग्ध हो जाती है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं और विद्यालय को नोटिस जारी करने की बात कही है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि नियमों के उल्लंघन और किसी भी प्रकार के भेदभाव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


फिलहाल, स्थानीय अभिभावकों और ग्रामीणों की नजरें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Previous Post Next Post