दिलीप कुमार। कलवारी बस्ती।
बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र स्थित उपडाकघर में ग्राहकों के उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां लोगों को अपने ही खाते से पैसा निकालने के लिए बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
मामला ग्राम बेलवाडाड़ निवासी सोनू से जुड़ा है, जो अपने खाते से ₹14,000 निकालने के लिए पिछले कई महीनों से उपडाकघर कलवारी के चक्कर लगा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि उपडाकघर में तैनात कैशियर द्वारा हर बार “मशीन खराब” होने का हवाला देकर उसे लौटा दिया जाता है। इतना ही नहीं, उसका विड्रॉल फॉर्म तक स्वीकार नहीं किया गया।
सोनू का कहना है कि उसे पैसों की सख्त जरूरत है, लेकिन इसके बावजूद उसे भीषण गर्मी में अपनी मजदूरी छोड़कर बार-बार पोस्ट ऑफिस आना पड़ रहा है। इससे उसकी आर्थिक स्थिति और खराब हो रही है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि कर्मचारियों द्वारा जानबूझकर काम में देरी की जा रही है। इस संबंध में उसने प्रधान डाकघर के हेड पोस्टमास्टर को पीजी ग्रिवांस पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई है और मामले में विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस तरह की समस्याओं का समाधान समय पर नहीं किया गया, तो आम जनता का सरकारी सेवाओं पर भरोसा कम हो जाएगा।
अब देखना यह होगा कि डाक विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित को कब तक उसका पैसा मिल पाता है।
