दशकों बाद टूटा ‘नो एंट्री’ नियम: बेटियों के लिए खुले इंटर कॉलेज के द्वार, छात्रवृत्ति की घोषणा


 

बस्ती, 30 अप्रैल 2026।

बहादुरपुर विकासखंड के कलवारी स्थित झिनकू लाल त्रिवेणी राम चौधरी इंटर कॉलेज में दशकों से चला आ रहा बेटियों के प्रवेश पर ‘अघोषित प्रतिबंध’ आखिरकार समाप्त हो गया। इस सत्र से छात्राओं का प्रवेश औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। यह बदलाव ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी के लगातार प्रयासों और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद संभव हुआ।


यह इंटर कॉलेज सह-शिक्षा के लिए मान्यता प्राप्त होने के बावजूद वर्षों से बालिकाओं को प्रवेश नहीं दे रहा था। शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का हवाला देकर छात्राओं को रोका जाता था, जिससे उन्हें महंगे निजी स्कूलों का रुख करना पड़ता था। इस मुद्दे ने तब तूल पकड़ा जब एक अभिभावक ने प्रतीकात्मक विरोध में साइकिल पर ‘टॉयलेट सीट’ लेकर स्कूल पहुंचकर व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।


हालांकि, अब प्रवेश शुरू होने के बाद भी नई चुनौती सामने आई है। संस्था के अनुसार कुछ निजी स्कूल छात्राओं को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) देने में देरी कर रहे हैं और उन्हें प्रैक्टिकल नंबर व भविष्य को लेकर डराया जा रहा है, जिसे ‘टीसी ट्रैप’ बताया गया है।


इस बीच संस्था ने ‘ट्री इनिशिएटिव्स स्कॉलरशिप प्रोग्राम’ की घोषणा की है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को सहायता देना है, ताकि वे बिना दबाव अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।


संस्था के सचिव सच्चिदानंद शुक्ला ने कहा, “यह केवल प्रवेश की लड़ाई नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान और अधिकार की जीत है। हम हर स्तर पर उनके साथ खड़े हैं और किसी भी अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।”


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य अनिल भारती ने कहा, “यह ऐतिहासिक बदलाव है। अब बेटियों को शिक्षा से वंचित नहीं किया जा सकता। प्रशासन और समाज दोनों को मिलकर ऐसी कुप्रथाओं को खत्म करना होगा।”


इस मौके पर संस्था के संस्थापक सदस्य दीपक कुमार, दिलीप वर्मा, बालकृष्ण पटेल, अब्दुर रहीम, जयप्रकाश सहित अभिभावक और छात्र - छात्राओं सहित तमाम लोग मौजूद रहे।


कॉलेज गेट पर चल रहा हेल्पडेस्क 30 अप्रैल को समाप्त होगा, लेकिन संस्था ने स्पष्ट किया है कि उनकी कानूनी और सामाजिक मदद आगे भी जारी रहेगी।


संपर्क के लिए हेल्पलाइन नंबर 9250931615 जारी किया गया है।

Previous Post Next Post