एनएच-28 पर बाइक-स्कूटी की टक्कर, 60 वर्षीय वृद्ध घायल, बाइक सवार फरार


 




बस्ती जनपद के कलवारी थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार 60 वर्षीय वृद्ध घायल हो गए। घायल की पहचान आखिरी (निवासी कटरा, बाईपास बस्ती) के रूप में हुई है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आखिरी अपनी स्कूटी से जा रहे थे, तभी अचानक एक तेज रफ्तार अपाचे बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में आक्रोश भी देखा गया।


घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सड़क से किनारे सुरक्षित स्थान पर लिटाया और तुरंत एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। कुछ ही देर में स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थिति को संभाला।


मौके पर मौजूद प्रेम कुमार ने बताया कि उन्होंने और अन्य लोगों ने मिलकर घायल की मदद की और एम्बुलेंस के आने तक उन्हें संभालकर रखा। एम्बुलेंस पहुंचने के बाद घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलवारी भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।


डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार बाइक सवार की तलाश की जा रही है।

Previous Post Next Post