20 दिन बाद चली बहादुरपुर CHC की एक्स-रे मशीन, मरीजों को मिली राहत

एक्स रे मशीन 

कलवारी, बस्ती।

बस्ती जिले के कलवारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर में लंबे समय से खराब पड़ी एक्स-रे मशीन आखिरकार ठीक हो गई है। मशीन चालू होने के बाद मरीजों और तीमारदारों ने राहत की सांस ली है।


जानकारी के अनुसार, अस्पताल की एक्स-रे मशीन करीब 20 दिनों से खराब थी, जिसके कारण मरीजों को जांच के लिए निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों का सहारा लेना पड़ रहा था। इससे खासकर गरीब और ग्रामीण मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा था।


एक्स-रे तकनीशियन प्रभारी धर्मेंद्र ने बताया कि मशीन को पहले भी तकनीकी खराबी के कारण ठीक कराया गया था, लेकिन कुछ दिनों बाद वह दोबारा बंद हो गई। बुधवार को तकनीशियनों द्वारा मरम्मत के बाद मशीन को पुनः चालू करा दिया गया, जिससे अस्पताल में एक्स-रे सुविधा बहाल हो गई है।


मरीज अक्षय मौर्य ने बताया कि वह जांच कराने अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन मशीन खराब होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा था। उन्होंने कहा कि अब मशीन ठीक हो जाने से मरीजों को राहत मिलेगी और बाहर महंगे जांच केंद्रों पर जाने की मजबूरी कम होगी।


स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में बुनियादी जांच सुविधाएं लगातार सुचारु रहनी चाहिए, ताकि गरीब मरीजों को समय पर और सस्ती चिकित्सा सुविधा मिल सके।

Previous Post Next Post