कलवारी (बस्ती)।
ज्येष्ठ मास के पावन बड़े मंगलवार के अवसर पर कलवारी क्षेत्र के बगौड़ा गांव में भव्य भंडारे और भजन संध्या का आयोजन किया गया, जहां सांप्रदायिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिसाल देखने को मिली। कार्यक्रम में हिंदू और Muslim समुदाय के लोगों ने मिलकर व्यवस्था संभाली और प्रभु हनुमान के भजनों पर श्रद्धालुओं के साथ भक्तिरस में सराबोर नजर आए। आयोजन में लगभग 400 से 600 श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर महाप्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में आसपास के 5 से 6 गांवों के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
सुबह से ही गांव में बजरंगबली की विशेष पूजा-अर्चना और श्रृंगार का क्रम शुरू हो गया था। इसके बाद आयोजित भजन संध्या में जैसे ही हनुमान जी के भक्ति गीत गूंजे, पूरा पंडाल जयकारों और भक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि मुस्लिम समाज के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं का स्वागत करने के साथ-साथ प्रसाद वितरण और अन्य व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया, जिससे गांव में भाईचारे और एकता का संदेश मजबूत हुआ।
इस आयोजन को सफल बनाने में पिंटू बाबा, दया शंकर पाण्डेय (भंडारी), गुड्डू कुमार, किसन कुमार, अशफाक अहमद (प्रधान प्रतिनिधि), आसिफ खम्हरिया और साहबान खान समेत कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजक दया शंकर पाण्डेय ने कहा कि बगौड़ा गांव हमेशा से प्रेम और सौहार्द की मिसाल रहा है। बड़े मंगलवार पर मुस्लिम भाइयों की सहभागिता ने यह साबित कर दिया कि त्योहार लोगों को जोड़ने का काम करते हैं। वहीं प्रधान प्रतिनिधि अशफाक अहमद ने कहा कि इंसानियत और आपसी भाईचारा सबसे बड़ा धर्म है और यही गांव की साझी संस्कृति की पहचान भी है।
भंडारा देर शाम तक चलता रहा, जहां ग्रामीणों और राहगीरों ने बड़े श्रद्धाभाव के साथ प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के बाद क्षेत्रभर में दोनों समुदायों के युवाओं और आयोजक समिति की सराहना की जा रही है।
बड़े मंगलवार पर बगौड़ा गांव में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब, 5-6 गांवों के लोग हुए शामिल
byKhabar Wale
-
0
