पकड़ी छब्बर गांव में ओवरलोड बिजली व्यवस्था से ग्रामीण परेशान, ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने की मांग

कलवारी, बस्ती। कलवारी उपकेंद्र क्षेत्र के पकड़ी छब्बर गांव में बिजली व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गांव के कई लोगों का आरोप है कि कुछ उपभोक्ता बिना विद्युत लोड बढ़वाए ही एसी और अन्य अधिक बिजली खपत वाले उपकरणों का उपयोग कर रहे हैं, जिससे पूरे गांव की बिजली व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। लगातार ओवरलोड की स्थिति के कारण लो-वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। ग्रामीणों में नदीम खान, अयान, महताब आलम, मोहम्मद जैद, नोमान खान, जिसान, बद्री आलम, अबू सहमा, अब्दुल रहमान, अनस, अरविंद, बिंदु, विकास, अरमान और अनुज समेत कई लोगों ने विभाग से मांग की है कि गांव के ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जाए या फिर जांच कर उन उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की जाए जो निर्धारित लोड से अधिक बिजली उपयोग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में समस्या और गंभीर हो गई है। कई बार शाम के समय बिजली का वोल्टेज इतना कम हो जाता है कि पंखे और अन्य उपकरण ठीक से नहीं चल पाते। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। इस संबंध में जब कलवारी उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर (जेई) से बात की गई तो उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा समस्या का निरीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जांच में ट्रांसफार्मर पर अधिक भार पाया जाता है और लोड बढ़ाने की आवश्यकता होगी तो ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जाएगी। साथ ही जिन उपभोक्ताओं द्वारा बिना स्वीकृत लोड बढ़ाए एसी और अधिक बिजली खपत वाले उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
Previous Post Next Post