कलवारी, बस्ती। भीषण गर्मी के बीच रसोईया गांव में पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र कलवारी पहुंचे और अधिकारियों के खिलाफ विरोध जताते हुए जल्द बिजली बहाल करने की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार 24 मई को आई तेज आंधी के दौरान गांव में लगा एक विद्युत पोल टेढ़ा हो गया था, जिसके बाद पूरे गांव की बिजली बाधित हो गई। आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बिजली न होने से गांव में पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और दैनिक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को मोबाइल चार्ज करने के लिए दूसरे गांवों का सहारा लेना पड़ रहा है।
पवन चौरसिया के नेतृत्व में उपकेंद्र पहुंचे ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल पोल बदलकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की। विरोध प्रदर्शन में जय मेजर शर्मा, ओमप्रकाश मद्धेशिया, बलराम शर्मा, नंदलाल मद्धेशिया, हरिश्चंद्र, रामकुमार, परमात्मा, संतराम, टिकोरी लाल, सोना देवी, मिथिलेश कुमारी, पुष्पा देवी, बसंता देवी और दुर्गावती समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।
इस मामले में जेई अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पोल लगाने वाले हाइड्रा वाहन का एक्सल खराब हो गया था, जिसे मरम्मत के लिए टांडा भेजा गया है। उन्होंने कहा कि बकरीद पर्व के कारण कार्य में देरी हुई, लेकिन शुक्रवार को हर हाल में पोल बदलकर गांव की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
पांच दिन से अंधेरे में रसोईया गांव, ग्रामीणों ने कलवारी उपकेंद्र पर किया प्रदर्शन
byKhabar Wale
-
0
