कलवारी, बस्ती। कुसौरा स्थित विद्युत उपकेंद्र कलवारी से संचालित नगर फीडर के उपभोक्ता इन दिनों लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान हैं। भीषण गर्मी के बीच लंबे-लंबे पावर कट के कारण लोगों को दिन और रात दोनों समय कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि नगर फीडर पर बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है, जिससे घरेलू कार्यों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। रात के समय बिजली कटौती के कारण लोगों की नींद खराब हो रही है और छोटे बच्चों, बुजुर्गों तथा मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उपकेंद्र द्वारा जारी सार्वजनिक हेल्पलाइन नंबर पर बिजली आपूर्ति की जानकारी लेने के लिए फोन किया जाता है, लेकिन अधिकांश समय कॉल रिसीव नहीं की जाती। इससे उपभोक्ताओं को कटौती के कारणों और बिजली बहाल होने के समय की जानकारी नहीं मिल पाती।
नगर फीडर के उपभोक्ताओं का कहना है कि शनिवार सुबह से करीब छह घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही और लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी। उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों से बिजली व्यवस्था में सुधार करने तथा हेल्पलाइन नंबर को सक्रिय रखने की मांग की है, ताकि आम लोगों को समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके।
इसी बीच एक उपभोक्ता प्रभात ने बिजली संकट को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर संबंधित विभाग और मुख्यमंत्री कार्यालय को टैग करते हुए लिखा, “@myogioffice @myogiadityanath कहा था कि बिजली बिना कटे मिलती रहनी चाहिए, यहां नगर फीडर, कलवारी में बिजली आपूर्ति रात से ही बाधित है। गर्मी से लोग बेहाल हैं, लेकिन आप 24 घंटे क्या, 8 घंटे भी बिजली नहीं दे पा रहे हैं।”
देवानंद शुक्ल, बाल कृष्ण पटेल, राम कुमार अग्रहरि सहित कई उपभोक्ताओं ने भी बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है।
वहीं, इस संबंध में अवर अभियंता अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बिजली सप्लाई चालू है और कहीं स्थानीय स्तर पर फॉल्ट होने की संभावना है, जिसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने विभाग के सार्वजनिक नंबर पर कॉल रिसीव न किए जाने के आरोप से भी इनकार किया।
भीषण गर्मी में बिजली संकट: नगर फीडर के उपभोक्ता लंबे पावर कट से परेशान
byKhabar Wale
-
0

