14 जून को पकड़ी छब्बर पंचायत भवन में लगेगा टीबी मुक्त शिविर



बस्ती। टीबी मुक्त 100 दिवसीय अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर क्षेत्र में 14 जून को कुशौरी-पकड़ी छब्बर पंचायत भवन में विशेष टीबी जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का संचालन प्रातः 9 बजे से शिविर समाप्ति तक किया जाएगा।


शिविर में संभावित टीबी रोगियों की स्क्रीनिंग, जांच और आवश्यक परामर्श की व्यवस्था रहेगी। शिविर के लिए डॉ. प्रशंसा जायसवाल को नामित चिकित्साधिकारी बनाया गया है। एचबी, हाईपरटेंशन, डायबिटीज और बीएमआई जांच के लिए अमय पाण्डेय को जिम्मेदारी सौंपी गई है।


एक्स-रे टेक्नीशियन के रूप में धर्मेंद्र चौधरी तथा डीआरए सहयोग के लिए सूर्य प्रताप सिंह की तैनाती की गई है। ई-कवच एवं निक्षय पोर्टल पर सैंपल फीडिंग के लिए मनीषा, नीतू, तेजस्विता, आनन्द और सतीश उपाध्याय को नामित किया गया है। ट्रांसपोर्टेशन की जिम्मेदारी क्रांति और ब्रजमोहन को सौंपी गई है।


शिविर में आशा कार्यकर्ता मंजू और कलावती घर-घर संपर्क कर संभावित मरीजों को शिविर तक लाने का कार्य करेंगी। वहीं एक या दो दिन पूर्व जागरूकता कार्यक्रम के लिए प्रधान महाजान खातून और राम फेर को नामित किया गया है।


सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर के अधीक्षक डॉ. पवन वर्मा ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने और टीबी मुक्त अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

Previous Post Next Post