PM-MKSSY कार्यक्रम में 25 मत्स्य पालकों का NFDP पर पंजीकरण


दिलीप कुमार। बस्ती ।बस्ती, 10 जून 2026। राष्ट्रीय मत्स्यिकी विकास बोर्ड (NFDB), हैदराबाद एवं उप निदेशक मत्स्य, बस्ती मण्डल के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना (PM-MKSSY) के तहत एनएफडीपी पंजीकरण एवं जलीय कृषि बीमा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन सर्किट हाउस सभागार, बस्ती में किया गया। कार्यक्रम में बस्ती, संतकबीर नगर और सिद्धार्थनगर के लगभग 115 मत्स्य कृषकों, मत्स्य उद्यमियों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य मत्स्य क्षेत्र में डिजिटलीकरण को बढ़ावा देना, प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना के विभिन्न घटकों की जानकारी देना, राष्ट्रीय मत्स्यिकी डिजिटल प्लेटफॉर्म (NFDP) पर पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित करना तथा जलीय कृषि बीमा एवं विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
एनएफडीबी, हैदराबाद से इफ्तिखार हुसैन और अमर नायक ने NFDP, एक्वाकल्चर बीमा, परफॉर्मेंस ग्रांट, मत्स्य उत्पादकता वृद्धि, मत्स्य उद्यमिता विकास, मूल्य संवर्धन, विपणन व्यवस्था तथा डिजिटल डेटा प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों पर तकनीकी प्रशिक्षण दिया। उप निदेशक मत्स्य (मुख्यालय) पुनीत कुमार और सहायक निदेशक मत्स्य (नियोजन) पूजा गौतम ने राज्य सरकार और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
कृषि बीमा कम्पनी के डिप्टी मैनेजर दिव्यांशु शुक्ला ने जलीय कृषि बीमा योजना की जानकारी दी, जबकि सीएससी के जिला प्रबंधक राहुल सिंह ने NFDP पर पंजीकरण प्रक्रिया और डिजिटल सेवाओं की उपलब्धता के बारे में बताया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों में योजना के प्रति उत्साह देखने को मिला। मौके पर ही लगभग 25 मत्स्य पालकों का NFDP पर पंजीकरण किया गया। परफॉर्मेंस ग्रांट के लिए 10 आवेदन तथा अन्य विभागीय एवं योजनागत लाभों के लिए 05 आवेदन प्राप्त हुए।
उप निदेशक मत्स्य, बस्ती मण्डल राजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि PM-MKSSY तकनीकी नवाचार, डिजिटल समावेशन और आर्थिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम का समापन मत्स्य क्षेत्र के सतत विकास और मत्स्य पालकों की आय वृद्धि के संकल्प के साथ हुआ।
Previous Post Next Post