कलवारी, बस्ती। बहादुरपुर विकास क्षेत्र एवं कलवारी इलाके में हुई झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और बारिश की कमी से परेशान किसान अब राहत महसूस कर रहे हैं। बारिश होने से खेतों में नमी बढ़ गई है, जिससे गन्ना, सब्जी तथा अन्य खरीफ फसलों को काफी फायदा मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय किसान एवं समाजसेवी अभिषेक यादव ने बताया कि समय पर हुई बारिश किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इससे गन्ने की फसल को पर्याप्त नमी मिलेगी और सिंचाई पर होने वाला खर्च भी कम होगा। वहीं सब्जी उत्पादकों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
क्षेत्र के युवा फरहान ने कहा कि बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से लोग बारिश का इंतजार कर रहे थे। अब खेतों की स्थिति बेहतर होगी और फसलों की बढ़वार तेज होगी।
वहीं सच्चिदानंद शुक्ला ने बताया कि वर्षा से ग्रामीण क्षेत्र का वातावरण भी सुहावना हो गया है। खेतों में नमी बढ़ने से धान की नर्सरी और अन्य फसलों को भी लाभ मिलेगा। किसानों को उम्मीद है कि यदि मौसम इसी तरह अनुकूल बना रहा तो इस वर्ष अच्छी पैदावार होगी।
बारिश के बाद क्षेत्र में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे आम लोगों को भी गर्मी से राहत मिली है। किसान अब आगामी बुवाई और कृषि कार्यों की तैयारियों में जुट गए हैं।
