एनएच-28 पर नीलगाय से टकराई स्विफ्ट डिजायर, नीलगाय की मौके पर मौत


 


कलवारी, बस्ती। राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर कलवारी थाना क्षेत्र के बेलवाडांड़ के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अचानक सड़क पर आ गई नीलगाय से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नीलगाय की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मृत नीलगाय काफी देर तक सड़क के बीचों-बीच पड़ी रही, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे कराया और यातायात को सुचारु कराया।

कार में ज्ञान प्रकाश चौधरी, अजय और राजू सवार थे। हादसे में ज्ञान प्रकाश चौधरी को हल्की चोटें आईं, जबकि अन्य दोनों सुरक्षित रहे। टक्कर से कार के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा है।

घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ समय के लिए राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन स्थानीय लोगों के सहयोग से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।

ग्रामीणों का कहना है कि एनएच-28 पर अक्सर नीलगाय और अन्य मवेशियों के अचानक सड़क पर आ जाने से दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ जाती है।

Previous Post Next Post