पत्नी की मौत का बदला लेने के लिए बुजुर्ग की पीट-पीटकर ह*त्या, गांव में सनसनी




दिलीप कुमार। कलवारी बस्ती।
बस्ती। जनपद बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र के कलवारी मुस्तहकम गांव में बुधवार को पुरानी रंजिश के चलते एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की दिनदहाड़े पीट-पीटकर ह*त्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। आरोपी घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

मृतक की पहचान कलवारी एहतमाली गांव निवासी मोहम्मद समी (65 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं मुख्य आरोपी कलवारी मुस्तहकम गांव का निवासी राजकुमार उर्फ राजू प्रजापति बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार घटना बुधवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच हुई।

बताया जाता है कि मोहम्मद समी दोपहर का भोजन करने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव के मुख्य गेट के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपी राजकुमार ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद उसने भारी-भरकम बांस के डंडे से उनके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से बुजुर्ग संभल नहीं सके और गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर मौजूद एक स्थानीय महिला ने बीच-बचाव कर बुजुर्ग को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी का गुस्सा इतना अधिक था कि वह लगातार हमला करता रहा। हमले में मोहम्मद समी गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़े।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल बुजुर्ग को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलवारी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में तनाव का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह घटना करीब चार महीने पुरानी रंजिश का परिणाम है। फरवरी 2026 में आरोपी राजकुमार की पत्नी ने कथित रूप से आत्मह*त्या कर ली थी। उस मामले में मृतक मोहम्मद समी के बेटे पर आरोप लगाए गए थे, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बताया जा रहा है कि राजकुमार उसी घटना को लेकर लंबे समय से रंजिश रखे हुए था और बदले की भावना से ग्रसित था।

घटना की सूचना मिलते ही कलवारी थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम और सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक श्यामाकांत ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

 

Previous Post Next Post