बस्ती में करंट लगने से किसान की मौत, टुल्लू पंप के क्षतिग्रस्त तार से हुआ हादसा


 


बस्ती। जनपद बस्ती के पैकोलिया थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में 57 वर्षीय किसान की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार किसान शुक्रवार देर रात घर में लगे टुल्लू पंप को चलाने गए थे, तभी उनका हाथ बिजली के क्षतिग्रस्त और खुले तार से छू गया, जिससे उन्हें जोरदार करंट लग गया।

बताया जा रहा है कि घटना देर रात होने के कारण परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। शनिवार सुबह करीब 5 बजे जब परिजन जागे तो किसान को घर के फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ा पाया। आनन-फानन में उन्हें देखा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पैकोलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला बिजली के करंट से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृत्यु के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।





Previous Post Next Post