बस्ती जिले के वॉल्टरगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सिद्धार्थनगर में तैनात एक आरक्षी की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक आरक्षी की पहचान मिथिलेश के रूप में हुई है, जो ड्यूटी पूरी कर अपने घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, बालेडीहा आयुर्वेद अस्पताल के पास तेज रफ्तार से आ रही एक अवैध रूप से संचालित डग्गामार मिनी बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आरक्षी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद घायल आरक्षी काफी देर तक सड़क पर पड़े तड़पते रहे। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों और समय पर बेहतर उपचार नहीं मिलने के कारण उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
हादसे के बाद परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से डग्गामार और अवैध वाहन बेखौफ होकर संचालित हो रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए होते तो यह हादसा टाला जा सकता था।
सूचना मिलने पर वॉल्टरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को भी कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक आरक्षी के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
Tags
Basti
