शादी का दबाव बनाने के लिए 4 साल की मासूम का अपहरण, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार


 बस्ती। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ीबन चौकी इलाके में चार वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृत बच्ची को सकुशल बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम पतेलवा निवासी एक महिला की चार वर्षीय पुत्री शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस ने रविवार सुबह मूड़घाट तिराहे के पास घेराबंदी कर कौशांबी निवासी जाकिर अली को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अपहृत बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी की पहचान पीड़िता महिला से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। आरोप है कि आरोपी महिला पर शादी करने का दबाव बना रहा था। महिला द्वारा इनकार किए जाने के बाद उसने कथित रूप से महिला पर दबाव बनाने की नीयत से उसकी चार वर्षीय पुत्री का अपहरण कर लिया।

घटना के खुलासे के बाद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अपहरण समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं बच्ची के सकुशल मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।

पुलिस अधीक्षक ने मामले के त्वरित अनावरण के लिए गठित टीम की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

24 घंटे के भीतर मासूम बच्ची की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

Previous Post Next Post