राम-जानकी मार्ग पर हादसे का खतरा, बैजलपुर पुलिया के पास सड़क में पड़ी गहरी दरार

पुलिया के पास दरार 


बस्ती । राम-जानकी मार्ग पर बैजलपुर पुलिया के समीप सड़क में पड़ी गहरी दरार यात्रियों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। पुलिया और सड़क के जोड़ पर बनी यह दरार लगातार चौड़ी होती दिखाई दे रही है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों की संख्या में दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहन गुजरते हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और भी चिंताजनक हो सकती है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क का हिस्सा धंस सकता है, जिससे आवागमन बाधित होने के साथ-साथ जान-माल का नुकसान भी हो सकता है।

राम-जानकी मार्ग के देवदूत कहे जाने वाले ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने मौके की स्थिति देखकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट करते हुए तत्काल मरम्मत कार्य कराने की मांग की है। डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इस समस्या का स्थायी समाधान जल्द से जल्द किया जाना आवश्यक है।

स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से मांग की है कि तत्काल स्थल का निरीक्षण कराया जाए तथा मरम्मत होने तक चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और सुरक्षा संकेतक लगाए जाएं, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो यह दरार किसी भी दिन बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है। फिलहाल राहगीर भय और आशंका के बीच इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं।

Previous Post Next Post