कलवारी में 16 वर्षीय छात्र का शव फंदे से लटका मिला, परिवार में मचा कोहराम


 



बस्ती।

जनपद के कलवारी थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में रविवार सुबह 16 वर्षीय किशोर का शव खेत के पास बने छप्पर में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान पिपरा गांव निवासी सनूप यादव (16 वर्ष) पुत्र रामलाल यादव के रूप में हुई है। वह सुषमा देवी इंटर कॉलेज, सिकंदरपुर में कक्षा 10 का छात्र था।

परिजनों के अनुसार, शनिवार रात भोजन करने के बाद सनूप खेत में बनी झोपड़ी में सोने गया था। रविवार भोर तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान घर से कुछ दूरी पर खेत के पास बने छप्पर के बांस में रस्सी के सहारे उसका शव लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों की सूचना पर कलवारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Previous Post Next Post