अयोध्या-बस्ती हाईवे पर रोडवेज बस अज्ञात वाहन से टकराई, कई यात्री घायल, बड़ा हादसा टला


 



बस्ती।

अयोध्या-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग पर छावनी थाना क्षेत्र के डुहवा गांव के पास रविवार को एक रोडवेज बस अज्ञात वाहन से टकरा गई। दुर्घटना में बस में सवार कई यात्रियों को मामूली चोटें आईं। राहत की बात रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।

घटना की सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना की जानकारी जुटाने के साथ ही हाईवे पर यातायात को सुचारु कराया, जिससे आवागमन सामान्य हो सका।

पुलिस के अनुसार हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान और तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Previous Post Next Post