बस्ती जनपद के कलवारी थाना क्षेत्र के चिलवनिया गांव में बुधवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। घर के बाहर खेल रही छह वर्षीय मासूम अंकिता को अचानक एक कोबरा सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग तत्काल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन बिना समय गंवाए अंकिता को जिला अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि अंकिता अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में सांपों के बढ़ते खतरे को देखते हुए आवश्यक कदम उठाने और लोगों को जागरूक करने की मांग की है। मासूम की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
