मोबाइल अपडेट करते ही हैक हुआ फोन, खाते से उड़े एक लाख रुपये





परसरामपुर में साइबर ठगी का मामला, अज्ञात ठगों पर मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच

बस्ती। जिले के परसरामपुर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। मोबाइल फोन को अपडेट करने के कुछ ही देर बाद एक युवक का फोन हैक हो गया और उसके बैंक खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परसरामपुर थाना क्षेत्र के महादेवा गांव निवासी गोविन्द प्रजापति पुत्र राम कृपाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 9 जून 2026 की दोपहर उनके मोबाइल पर लगातार सॉफ्टवेयर अपडेट करने के संदेश आ रहे थे। इसे सामान्य प्रक्रिया समझकर उन्होंने मोबाइल अपडेट कर दिया।

आरोप है कि अपडेट पूरा होते ही मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद मोबाइल से जुड़े गूगल पे के माध्यम से संचालित बैंक खाते से एक लाख रुपये की धनराशि निकाल ली गई। खाते से रुपये कटने का संदेश मिलने पर गोविन्द ने तत्काल लेनदेन रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक पूरी रकम निकल चुकी थी।

घटना के बाद पीड़ित ने बैंक और पुलिस को सूचना दी। तहरीर के आधार पर परसरामपुर थाने में अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

थानाध्यक्ष विश्व मोहन राय ने बताया कि मुकदमा मंगलवार शाम 4:23 बजे दर्ज किया गया। मामले की जांच साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। पुलिस बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजैक्शन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

Previous Post Next Post