ग्रामीणों ने शुरू की प्रेरणादायक स्वच्छता मुहिम, हर रविवार होगी दो घंटे सफाई



बस्ती। विकासखंड बहादुरपुर की ग्राम पंचायत शेखपुरा में ग्रामीणों ने स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने की सराहनीय पहल की है। गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से ग्रामीणों ने प्रेम प्रकाश चौधरी के नेतृत्व में "शेखपुरा स्वच्छता समिति" का गठन किया है। समिति में शामिल युवा अब प्रत्येक रविवार सुबह दो घंटे गांव के चयनित स्थानों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश देंगे।


रविवार सुबह समिति के सदस्यों ने पंचायत भवन के मुख्य मार्ग पर सफाईकर्मी सूरज के साथ मिलकर सफाई अभियान चलाया। हालांकि बारिश के कारण पूर्व निर्धारित स्थल पर सफाई नहीं हो सकी, लेकिन युवाओं का उत्साह और जनभागीदारी देखने लायक रही।


समिति में ध्रुव कुमार, सुरेंद्र कुमार, संदीप सैनी, ओम प्रकाश गुप्ता, शिव बालक, विकास और विवेक सहित कई युवा सक्रिय रूप से शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना ही नहीं, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पूरे गांव को साफ-सुथरा बनाए रखना भी है।


ग्राम पंचायत शेखपुरा की यह पहल अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है। ग्रामीणों की इस सामूहिक भागीदारी से गांव में स्वच्छता के प्रति नया उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है।

Previous Post Next Post