अनियंत्रित कार डिवाइडर पार कर प्राइवेट बस से टकराई, हाईवे पर लगा जाम

 



बस्ती। जनपद के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रिठिया के पास रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर को पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही एक प्राइवेट बस से जा टकराई। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया और लंबा जाम लग गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अयोध्या की ओर से बस्ती की तरफ आ रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार डिवाइडर पार कर बस्ती से अयोध्या जा रही प्राइवेट बस से आमने-सामने भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराने का प्रयास किया।

फिलहाल हादसे में घायल लोगों की संख्या और उनकी स्थिति के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Previous Post Next Post