बस्ती। जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के बानपुर स्थित कुआनों नदी के धोबी घाट पर रविवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, सुबह टहलने निकले लोगों ने नदी किनारे एक शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल लालगंज थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार शव काफी पुराना और क्षत-विक्षत अवस्था में होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। वहीं शव मिलने की घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हैं।
