IGRS शिकायत में तालाब पर अवैध कब्जे का आरोप, लेखपाल पर बिना जांच गलत रिपोर्ट लगाने का आरोप


 



बस्ती।

जनपद के एक गांव में ग्राम समाज के तालाब पर कथित अवैध अतिक्रमण को लेकर विवाद गहरा गया है। गांव के बुजुर्ग निवासी राधेश्याम ने IGRS पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि ग्राम समाज के तालाब पर कई लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। उन्होंने प्रशासन से मौके पर जांच कर अतिक्रमण हटाने की मांग की थी।


शिकायतकर्ता का आरोप है कि मामले की जांच के लिए नियुक्त लेखपाल अनूप कुमार नायक ने बिना निष्पक्ष जांच किए ही रिपोर्ट लगा दी। राधेश्याम का कहना है कि लेखपाल ने कथित रूप से धन लेकर वास्तविक स्थिति की अनदेखी की और बिना उनकी सहमति व मौके की सही जांच किए शिकायत का निस्तारण कर दिया।


राधेश्याम का कहना है कि यदि सरकारी भूमि और तालाबों पर अतिक्रमण की शिकायतों का इसी प्रकार निस्तारण किया जाता रहा, तो सरकार के अतिक्रमण मुक्त अभियान और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा संबंधी नीतियों का उद्देश्य प्रभावित होगा। उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच, संबंधित लेखपाल की भूमिका की जांच तथा तालाब की पैमाइश कराकर अवैध कब्जा हटाने की मांग की है।


वहीं, मामले में जब लेखपाल अनूप कुमार नायक से उनका पक्ष लिया गया तो उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि संबंधित भूमि विवाद पिछले लगभग 25 वर्षों से न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में न्यायालय के आदेश के बाद ही नियमानुसार कोई कार्रवाई की जा सकती है।


फिलहाल, शिकायतकर्ता के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में प्रशासन की जांच और सक्षम न्यायालय के निर्णय के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Previous Post Next Post