विकासखंड स्तरीय कृषक गोष्ठी आयोजित, किसानों को दी गई आधुनिक खेती की जानकारी


 

दिलीप कुमार। बहादुरपुर बस्ती।

बस्ती। जनपद बस्ती के बहादुरपुर विकासखंड सभागार में त्वरित मक्का विकास योजना के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को मक्का उत्पादन बढ़ाने, आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के प्रति जागरूक करना रहा। गोष्ठी में क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक विकास अधिकारी (कृषि) दीनानाथ मिश्र ने त्वरित मक्का विकास योजना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने किसानों से उन्नत किस्म के बीजों का चयन, संतुलित उर्वरकों का प्रयोग, समय पर बुवाई, सिंचाई एवं वैज्ञानिक पद्धति से फसल प्रबंधन अपनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि यदि किसान विभाग द्वारा सुझाई गई आधुनिक तकनीकों को अपनाते हैं तो मक्का उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है। साथ ही सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ लेकर किसान अपनी खेती को अधिक लाभकारी बना सकते हैं।

गोष्ठी के दौरान कृषि विशेषज्ञों ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए मक्का की उन्नत खेती, रोग एवं कीट नियंत्रण, पोषक तत्व प्रबंधन तथा बेहतर उत्पादन के लिए आवश्यक तकनीकी उपायों की जानकारी दी। किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीजों के उपयोग और समयबद्ध कृषि कार्यों के महत्व पर भी विस्तार से बताया गया।

इस अवसर पर एडीओ कोऑपरेटिव मिट्ठू राम वर्मा, तकनीकी प्रबंधक हरिओम पटेल, वीरेंद्र प्रताप, संतोष कुमार, बीएमएम रुस्तम कुमार, अवनीश मिश्रा, अग्रणी किसान गिरीश सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, राकेश पांडे सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में किसानों ने विभाग द्वारा दी गई तकनीकी जानकारी और मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी कृषक गोष्ठियां खेती को अधिक वैज्ञानिक एवं लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अधिकारियों ने किसानों से योजनाओं का लाभ उठाकर आधुनिक खेती अपनाने तथा मक्का उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया।

Previous Post Next Post