कुसौरा में 6 किमी जन-जागरण पदयात्रा, शाकाहार और नशामुक्ति का दिया संदेश


बहादुरपुर, बस्ती। जय गुरुदेव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बहादुरपुर विकासखंड के कुसौरा बाजार में शाकाहार, सदाचार एवं मद्य निषेध जन-जागरण पदयात्रा निकाली गई। करीब छह किलोमीटर की पदयात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और लोगों से शाकाहार अपनाने, नशे से दूर रहने तथा सदाचारपूर्ण जीवन जीने का आह्वान किया।

पदयात्रा कुसौरा स्थित झिनकू लाल त्रिवेणी राम चौधरी इंटर कॉलेज से होते हुए कुसौरा बाजार और सुजावलपुर गांव पहुंची। यहां शिव माधव गुप्ता की दुकान पर श्रद्धालुओं ने जलपान किया। इसके बाद पदयात्रा कौशल किड्स स्कूल एकेडमी पहुंची, जहां सत्संग के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और श्रद्धालुओं को भोजन-प्रसाद वितरित किया गया।

पदयात्रा के दौरान सत्य, दया, अहिंसा, शाकाहार, सेवा, परोपकार और मानवता का संदेश दिया गया। लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि नशा व्यक्ति के साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। बहन-बेटियों के सम्मान, परिवार में सुख-शांति और समाज में आपसी प्रेम एवं भाईचारा बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में युवा संगत की विशेष भागीदारी रही। युवा संगठन भारत, बस्ती संगत के मुख्य संचालक अभिषेक विश्वकर्मा के नेतृत्व में प्रेम प्रकाश, राहुल, रामजी, शिवम, विशाल और निरंजन सहित बड़ी संख्या में युवाओं और बच्चों ने शाकाहार प्रचार में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाओं की भी सहभागिता रही।

कार्यक्रम में संचालक जोखूराम, शिव माधव, पाल जी और अशोक यादव सहित अन्य संगतजन मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में सत्य, दया, अहिंसा, सेवा, शाकाहार और सदाचार को अपनाना होगा।


Previous Post Next Post