कलवारी बस्ती। लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से नाराज ग्रामीण शुक्रवार शाम सड़क पर उतर आए। उपभोक्ताओं ने कलवारी क्षेत्र के कुसौरा विद्युत उपकेंद्र के सामने NH 28 जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर लेट गए और बिजली विभाग के अधिकारियों से मौके पर आकर समस्या का समाधान करने की मांग करने लगे।
ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है। इससे किसानों को सिंचाई में परेशानी हो रही है, वहीं शाम के समय बिजली कटौती से महिलाओं को घरेलू कार्य करने और बच्चों को पढ़ाई करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, बिजली व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर भी लगातार चर्चाएं और पोस्ट सामने आ रही थीं।
शुक्रवार शाम करीब 4 बजे ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर कुसौरा विद्युत उपकेंद्र पहुंचे। देखते ही देखते वहां बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि मौके पर न तो जेई पहुंचे और न ही बिजली विभाग का कोई कर्मचारी मौजूद मिला। इससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया तथा उन्होंने मार्ग जाम कर दिया।
सूचना मिलने पर कलवारी पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में ग्रामीणों की बढ़ती भीड़ और आक्रोश को देखते हुए सीओ कलवारी और एसडीएम सदर भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया।
ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। प्रशासन और बिजली विभाग की ओर से व्यवस्था में सुधार का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम और धरना समाप्त कर दिया।