एक साथ दो प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण कर रोहित वर्मा ने बढ़ाया बस्ती का मान

बस्ती। जिले के बहादुरपुर विकासखंड अंतर्गत जिगिनियां गांव निवासी किसान फूलचंद चौधरी के पुत्र रोहित वर्मा ने एक साथ दो प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवाया है। रोहित ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की जूनियर असिस्टेंट परीक्षा और लेखपाल परीक्षा में सफलता हासिल कर परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।

रोहित की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं, गांव के लोगों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

रोहित वर्मा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद झिनकू लाल त्रिवेणी राम चौधरी इंटर कॉलेज, कलवारी से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने साकेत महाविद्यालय, अयोध्या से स्नातक और परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की।

उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद रोहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रयागराज (इलाहाबाद) चले गए। वहां रहकर उन्होंने लगातार मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ अपनी तैयारी जारी रखी और आखिरकार एक साथ दो महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की।

किसान परिवार से निकलकर रोहित द्वारा हासिल की गई यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। ग्रामीणों का कहना है कि रोहित की सफलता यह साबित करती है कि मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

रोहित वर्मा की इस सफलता से गांव के अन्य युवाओं और छात्रों में भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर आगे बढ़ने का उत्साह देखने को मिल रहा है। परिजनों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों ने रोहित वर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Previous Post Next Post