विधायक ने पत्र में कहा है कि उनके विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुसौरा क्रय केंद्र से जुड़े किसानों को गन्ना मूल्य का समय से भुगतान न होने, तौल में भारी अनियमितता, कर्मचारियों के अनुचित व्यवहार, क्रय केंद्र पर बिचौलियों के जमावड़े और किसानों की शिकायतों की मिल प्रशासन द्वारा अनदेखी किए जाने से परेशानी हो रही है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि पूर्व में यह सेंटर मुंडेरवा चीनी मिल से संबद्ध था, जिससे किसान काफी खुशहाल थे। विधायक ने किसानों की समस्याओं को देखते हुए कुसौरा गन्ना क्रय केंद्र को रुधौली चीनी मिल से हटाकर मुंडेरवा चीनी मिल से संबद्ध करने के लिए शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया है।
इससे पहले बस्ती सांसद राम प्रसाद चौधरी भी गन्ना आयुक्त को पत्र लिखकर कुसौरा क्रय केंद्र से संबंधित किसानों को रुधौली चीनी मिल से हटाकर मुंडेरवा चीनी मिल से जोड़ने की मांग कर चुके हैं। सांसद के पत्र में भी समय से गन्ना मूल्य भुगतान न होने, तौल में अनियमितता एवं पारदर्शिता के अभाव तथा भ्रष्टाचार और बिचौलियों के कारण किसानों के शोषण जैसी समस्याओं का उल्लेख किया गया था।