बस्ती जिले के बहादुरपुर विकासखंड में 20 साल पहले बनी नहर में अब तक नहीं आया पानी, किसानों ने जताया विरोध और बताया सरकार की लापरवाही

बस्ती जिले के बहादुरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सुभावपुर (कुदरहा) से सोंधिया घाट तक बनी नहर में 20 वर्षों से पानी नहीं आया, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने सरकारी लापरवाही और संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। यह नहर कनैला की ओर जाती है और इसे लगभग 2006 से पहले खोदा गया था, लेकिन आज तक इसमें एक बूंद पानी नहीं बहा।

ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष नहर की सफाई कराई जाती है, लेकिन उसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है, क्योंकि मुख्य नहर से पानी छोड़ने की व्यवस्था ही नहीं है। यदि इस नहर में पानी आता, तो यह शेखपुरा, कनैला खास, विशेनपुर, लोनहा और रामपुर ग्राम पंचायतों से होकर गुजरते हुए कई किसानों के लिए सिंचाई का मुख्य स्रोत बन सकती थी।

शेखपुरा निवासी संदीप सैनी ने बताया कि "हमारे बचपन में सेमुआपुर से निकलने वाली यह नहर बनी थी, अब मेरी उम्र 30 के पार है, लेकिन इस नहर में आज तक पानी नहीं देखा। सरकार ने इसमें जो खर्च किया, उसका किसानों को कोई लाभ नहीं मिला।"

राम मनोहर ने कहा कि यह नहर सेमुआपुर स्थित बड़ी नहर की शाखा है, लेकिन इसमें आज तक पानी नहीं छोड़ा गया। हर साल सफाई के नाम पर सिर्फ सरकारी धन बर्बाद हो रहा है।

मोहम्मद अजमेर अली, जो नहर की पुलिया पर बैठे थे, ने कहा कि गर्मी के दिनों में किसानों को पानी की सख्त जरूरत होती है। यदि इस नहर में पानी आता तो सैकड़ों किसान लाभांवित हो सकते थे।

फूलचंद, जो खेत की ओर जा रहे थे, ने कहा, जब नहर में कभी पानी ही नहीं आया, तो हम क्या कर सकते हैं? सरकार तो हमारी सुनती नहीं।

ग्रामीणों ने सरकार और सिंचाई विभाग से मांग की है कि नहर की पुनः जांच कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि इसमें जल्द से जल्द पानी पहुंचे, ताकि वर्षों से सूखी पड़ी यह नहर किसानों के लिए वास्तव में उपयोगी साबित हो सके।
Previous Post Next Post