एसबीआई पोखरनी शाखा का एटीएम डेढ़ साल से बंद, ग्राहकों को 10 हजार से कम लेनदेन के लिए दूसरे बैंक जाने को कहा जाता है

ATM घर में लगा ताला 

बस्ती के कुसौरा बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक की पोखरनी शाखा में एटीएम सेवा बंद होने से ग्राहकों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह एटीएम करीब डेढ़ साल से बंद पड़ा है, जिससे रोज़मर्रा के लेनदेन प्रभावित हो रहे हैं।

शाखा में 10 हजार रुपए तक के लेनदेन की सीमा तय कर दी गई है। शाखा के कैशियर छोटे लेनदेन के लिए ग्राहकों को दूसरे बैंकों के एटीएम का इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं। हालांकि, इस सीमा को लेकर बैंक की ओर से कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है।

पहले कुसौरा में दो एटीएम सक्रिय थे—एक में केवल नकद निकासी की सुविधा और दूसरे में निकासी व नकद जमा, दोनों सुविधाएं उपलब्ध थीं। लेकिन अब दोनों ही सेवाएं बाधित हैं।

स्थानीय चाय विक्रेता लोगों के अनुसार, एटीएम इतने लंबे समय से बंद है कि लोगों को इसकी आदत ही छूट गई है।
स्थानीय निवासी दीपक कुमार का कहना है कि नेटवर्क की कोई समस्या नहीं थी, फिर भी एटीएम नहीं चल रहा, जिससे अब कार्ड धारकों को भी लंबी बैंक कतारों में खड़ा होना पड़ता है।

ग्राहक राम कृष्ण पटेल ने बताया कि छोटी राशि निकालने के लिए उन्हें सीएसपी (कस्टमर सर्विस पॉइंट) जाना पड़ता है, जहाँ 10 रुपए अतिरिक्त शुल्क देना होता है। वहीं, दिलीप वर्मा का कहना है कि बंद एटीएम की वजह से रोज़ाना असुविधा झेलनी पड़ रही है और कई बार छोटे-मोटे काम के लिए भी दूसरे इलाकों में जाना पड़ता है।
Previous Post Next Post