बस्ती। बहादुरपुर क्षेत्र के कुसौरा बाज़ार से हजारी लाल की दुकान के बगल से अलीमुद्दीन के घर तक बनाई गई 300 मीटर की इंटरलॉकिंग रोड इन दिनों कचरे के ढेर से पटी पड़ी है। सड़क पर जगह-जगह गंदगी फैली रहने से न केवल आवागमन बाधित है बल्कि पूरे मोहल्ले का माहौल भी दूषित हो गया है।
जानकारी के मुताबिक शमशेर और मुजाहिद के घरों के बीच स्थित खम्हरिया निवासी नियाज़ और बख्शीश की खाली ज़मीन पर कूड़े का बड़ा ढेर जमा हो गया है। यही कूड़ा सड़क पर आ जाता है जिस पर सफाई कर्मी कभी-कभार सफाई कर देते हैं, लेकिन खाली जमीन पर कूड़े की मात्रा अधिक होने के कारण सड़क जल्द ही फिर से गंदगी से ढक जाती है। बताया जा रहा है कि कूड़ा लगभग 15,000 वर्ग फुट में फैला हुआ है।
कूड़े के ढेर के बगल बने घर में रहने वाले मुजाहिद बताते हैं कि उनके परिवार को वहां गंदगी के बीच रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। प्रदूषण के चलते हैं उन्हें बदबू के बीच स्वच्छ हवा में सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। मुजाहिद ने कहा कि हमारे घरों के लोग अक्सर बीमार रहते हैं। हमारी परेशानी कोई नहीं सुन रहा है।
गांव के निवासी, तारिक खान और रेहान ने इस स्थिति पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। सड़क पर फैले कचरे से राहगीरों और आसपास के घरों में रहने वालों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
![]() |
| खाली ज़मीन पर लगा कूड़े का ढेर |
इस मामले में जब ग्राम प्रधान अरुण कुमार से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया तो उन्होंने गैर-जिम्मेदाराना बयान देते हुए कचरे के लिए संबंधित ज़मीन मालिक को ही जिम्मेदार ठहरा दिया। इससे ग्रामीणों में और आक्रोश फैल गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही कूड़ा न हटाया गया और नियमित सफाई व्यवस्था नहीं की गई तो इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों को भी दी जाएगी।
Tags
कुसौरा
