जनसत्ता दल ने आदित्य सिंह को बनाया बस्ती का जिला सचिव, बहादुरपुर में हुआ स्वागत समारोह



जनसत्ता दल ने बहादुरपुर विकासखंड के मटेरा ग्राम पंचायत के छबैला निवासी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी आदित्य सिंह को बस्ती का जिला सचिव नियुक्त किया है। जिला अध्यक्ष बसंत सिंह ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत बहादुरपुर स्थित हर देवानाथ मंदिर में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें जनसत्ता दल का सदस्यता अभियान भी शुरू किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला अध्यक्ष बसंत सिंह ने किया और आए हुए सभी सम्मानित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ़ राजा भैया के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि जनसत्ता दल का जनाधार मजबूत हो और गरीब एवं असहाय लोगों की निःस्वार्थ सेवा की जा सके।

बसंत सिंह ने जोर देकर कहा कि जनसत्ता दल सभी जातियों और धर्मों का सम्मान करता है और यह किसी एक जाति या धर्म की पार्टी नहीं है। उन्होंने कहा, “प्रदेशभर में तेजी से बढ़ते जनाधार के साथ पार्टी समाज के हर वर्ग तक पहुंच बना रही है।”

नवनियुक्त जिला सचिव आदित्य सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष द्वारा दिए गए आदेशों और निर्देशों का पूर्ण निष्ठा से पालन करेंगे। उन्होंने वादा किया कि वे बस्ती जिले के विकास के लिए संघर्ष करेंगे और सभी जाति-धर्म के लोगों को समान सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए काम करेंगे।

सदस्यता अभियान के दौरान बहादुरपुर क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और पार्टी की सदस्यता ली। लोगों ने आदित्य सिंह को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष बसंत सिंह, जिला सचिव आदित्य सिंह, अनुज प्रताप सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष बहादुरपुर सचिन द्विवेदी, गिरधारी बाबा, अखिलेश सिंह, ग्राम प्रधान नूर आलम, अंकित सिंह, अंकुर सिंह, ग्राम प्रधान शमशेर, जहांगीर आलम, अरुण पांडेय, अजय भगवानदीन, आमिर, अरबाज, ग्राम प्रधान इमरान, दीपक सिंह, संजय सिंह, अमित सिंह, अभिषेक सिंह, बलवंत वर्मा, राधेश्याम यादव सहित भारी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Previous Post Next Post