नौली में पशुशाला में आग, दुधारू भैंस और बछड़ा झुलसे, हालत गंभीर


कलवारी (बस्ती) – विकासखंड बहादुरपुर के नौली गांव में रविवार रात करीब 8 बजे भुसौला के पीछे बने मातिबर चौधरी के फूस की घारी (पशुशाला) में आग लग गई। घटना के समय पशुशाला में धुआं करने के लिए आग जलाई गई थी, इसी दौरान फूस के छप्पर की टाटी में आग लग गई और देखते-देखते लपटें छप्पर तक फैल गईं।

पास से गुजर रहे एक ग्रामीण ने आग की लपटें देख शोर मचाया। भतीजे महेश चौधरी समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक एक दुधारू भैंस और उसका पांच माह का बछड़ा गंभीर रूप से झुलस गए।

मालिक मातिबर चौधरी ने बताया कि हादसे के बाद से भैंस की हालत नाजुक है। उसका खाना-पीना बंद हो गया है, पेशाब में खून आ रहा है और बैठने में दिक्कत हो रही है। परिवार के अनुसार, बहादुरपुर ब्लॉक से कुछ चिकित्सक सोमवार सुबह आकर इलाज कर गए हैं।

ग्राम प्रधान अवधेश चौधरी ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया और कहा कि प्रशासन से भी आर्थिक सहयोग दिलाने की कोशिश की जाएगी।
Previous Post Next Post