शिक्षा सेतु इनीशिएटिव अब पुस्तक प्रकाशन की ओर, हिंदी साहित्य को समर्पित पहली पुस्तक स्वतंत्रता दिवस से पहले हो सकती है प्रकाशित

बस्ती जिले के कलवारी में स्थित गैर लाभकारी संस्था Tree Initiatives Society के प्रमुख शैक्षिक-सांस्कृतिक मंच "Shiksha Setu Initiative" ने अब साहित्यिक क्षेत्र में एक नई पहल की शुरुआत की है। संस्था ने अपने प्रमुख कार्यक्रम के अंतर्गत पुस्तक प्रकाशन श्रृंखला शुरू करने की घोषणा की है। इस प्रयास का उद्देश्य है — युवा लेखकों, शोधार्थियों और रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और साहित्य को नई दिशा देना।

इस पहल की पहली पुस्तक हिंदी साहित्य को समर्पित होगी और यह स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) से पहले प्रकाशित होने की संभावना है। पुस्तक के लेखक मलय नीरव हैं, जो एक कवि और आलोचक हैं। मलय ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) प्राप्त की है और वर्तमान में एक पीएचडी शोधार्थी के रूप में कार्यरत हैं।

मलय नीरव का रचनात्मक योगदान केवल लेखन तक सीमित नहीं है। वे कॉलेज जीवन से ही साहित्यिक आयोजनों और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने युवा चेतना समूह के डिजायर, हिंदी साहित्य परिषद जैसे मंचों पर कई बार महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और युवाओं के साथ साहित्य के जुड़ाव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

Tree Initiatives Society के संस्थापक सदस्यों ने बताया कि Shiksha Setu Initiative के अंतर्गत यह पुस्तक श्रृंखला सामाजिक-सांस्कृतिक संवाद और साहित्यिक शोध को जनमानस तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। यह मंच अब केवल ऑनलाइन चर्चाओं और ‘बैठकी’ जैसे कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विचारों और अभिव्यक्तियों को पुस्तक रूप में स्थायी पहचान भी देगा।

शिक्षा सेतु इनीशिएटिव के संयोजक गौतम कुमार ने बताया कि इस पुस्तक में कविता, समकालीन विमर्श, हिंदी भाषा की चेतना और सांस्कृतिक अंतर्दृष्टि को समाहित किया गया है। आने वाले समय में अधिक युवा लेखक, शोधार्थी और कवियों को भी इस श्रृंखला से जोड़ा जाएगा।
Previous Post Next Post