बस्ती जिले के बहादुरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम शेखपुरा में ‘हर घर जल योजना’ के अंतर्गत बिछी पाइपलाइन और लगे नलों से नियमित जल आपूर्ति न होने से ग्रामीणों में गहरी नाराजगी है। शिकायतों के बाद कुछ दिन पानी आता है लेकिन फिर आपूर्ति बंद हो जाती है, जिससे लोगों को लगातार शुद्ध पेयजल की समस्या झेलनी पड़ रही है।
ग्रामवासियों का कहना है कि सरकार द्वारा चलाई जा रही पेयजल योजना का लाभ कागजों तक सीमित रह गया है सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद, नलों से पानी न आना विभागीय लापरवाही का स्पष्ट संकेत है।
भाजपा नेता प्रेम प्रकाश चौधरी ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा, "सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिस तरह से दुरुपयोग हो रहा है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। ग्रामीणों को पानी जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रखना गंभीर लापरवाही है। जिला प्रशासन को इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए।"
शत्रुघ्न चौधरी, श्याम नारायण चौधरी, सावित्री देवी सहित कई ग्रामीणों ने भी समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि जल आपूर्ति की अनियमितता के कारण महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चों को विशेष रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इससे पहले ग्रामवासी बाल कृष्ण पटेल ने इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री को ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई थी, जिसकी पुष्टि CPGRAMS पोर्टल पर की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
Tags
बस्ती