विकासखंड बहादुरपुर की ग्राम पंचायत शेखपुरा में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सफाई कर्मी सूरज चक्रवर्ती की अनूठी पहल के तहत प्लास्टिक कचरे से निर्मित ‘मां भारती’ की प्रतिमा कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।
सुबह पंचायत भवन से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें ‘मां भारती’ की प्रतिमा को सजे-धजे रथ पर रखकर पूरे गांव में घुमाया गया। ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। फेरी में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, बच्चे, पंचायत प्रतिनिधि और विद्यालय के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। देशभक्ति गीतों और नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।
प्रभात फेरी के बाद पंचायत भवन प्रांगण में प्रधान प्रतिनिधि अमरनाथ चौधरी ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सूरज चक्रवर्ती की यह पहल स्वच्छ भारत मिशन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक उदाहरण है।
सूरज चक्रवर्ती ने बताया कि ‘मां भारती’ की प्रतिमा पूरी तरह एकत्रित प्लास्टिक कचरे से बनाई गई है, जिसे बेचने से प्राप्त धन पंचायत कोष में जमा किया गया। उनका कहना है कि यदि हर गांव में लोग कचरे को संसाधन मानकर उसका उपयोग करें तो प्रदूषण कम होगा और गांव स्वच्छ बनेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों और अतिथियों ने प्रतिमा के साथ फोटो खिंचवाए और सूरज चक्रवर्ती की इस नवाचारपूर्ण सोच की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में देशभक्ति गीतों के साथ मिष्ठान वितरण किया गया।
Tags
बस्ती