कलवारी, बस्ती। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलवारी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत वैष्णोपुर के विपणन कार्यालय परिसर में वीरता और शौर्य की परंपरा को जीवंत करने वाला आल्हा-खंड का भव्य आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान किशोर कुमार यादव के संयोजन में हुए इस कार्यक्रम में जौनपुर के प्रसिद्ध आल्हा सम्राट फौजदार सिंह ने अपनी दमदार आवाज और सजीव प्रस्तुति से ऐतिहासिक माड़वगढ़ की लड़ाई को जीवंत कर दिया।
राजपूताना वेशभूषा और हाथ में तलवार के साथ मंच पर पहुंचे फौजदार सिंह का पंडाल में मौजूद दर्शकों ने तालियों से स्वागत किया। उन्होंने आल्हा-ऊदल की वीरता, त्याग और मातृभूमि के लिए किए गए बलिदान को सुर और ताल के साथ इस तरह प्रस्तुत किया कि श्रोताओं का मन भावविभोर हो गया। गीतों के बीच वीरों की निष्ठा, युद्ध कौशल और सम्मान की रक्षा के लिए लड़ी गई ऐतिहासिक जंग की बारीकियां सुनाकर उन्होंने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की जानकारी मिलते ही न केवल आसपास के गांवों से, बल्कि दूर-दराज से भी आल्हा प्रेमी बड़ी संख्या में पहुंचे। हर बार जब युद्ध संवादों का चित्रण किया गया, तो पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के आयोजन न केवल सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी वीरगाथाओं और लोककला से जोड़ने का भी सशक्त माध्यम हैं।
इस मौके पर वीरेंद्र यादव, मायाराम, सुरेश सिंह, रामकिशुन, अनिल भारती, राम प्रवेश, दीपचंद यादव, गिरजा शंकर यादव, राम सूरत कन्नौजिया, भगवानदीन यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Tags
बस्ती