कलवारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत चमनगंज में बरसात के पानी के तेज बहाव से नहर किनारे बनी सड़क की मिट्टी कटकर धसक गई है। इससे सड़क का किनारा टूटने के कगार पर पहुंच गया है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय निवासी अभिषेक यादव ने बताया कि यह मार्ग NH-28 का हिस्सा है और यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। बारिश के कारण सड़क का किनारा पूरी तरह कमजोर हो गया है। “कई बार बरसात के दौरान वाहन फंस जाते हैं, जिससे घंटों जाम लग जाता है,” उन्होंने कहा।
इसी तरह राज यादव ने बताया, “मिट्टी कटने से नहर का पानी पूरी तरह से बहाव बना चुका है और सड़क के नीचे का हिस्सा खाली हो गया है। अगर तुरंत मरम्मत नहीं की गई तो सड़क धंस सकती है, जिससे गंभीर दुर्घटना हो सकती है।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थिति के चलते बाइक सवार, पैदल यात्री और छोटे वाहन सबसे ज्यादा खतरे में हैं। रात के समय यह खतरा और बढ़ जाता है क्योंकि सड़क के किनारे कोई सुरक्षा बैरिकेड नहीं है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत कटाव रोकने और सड़क की मरम्मत के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही सुरक्षा के लिए चेतावनी बोर्ड और बैरिकेड लगाए जाएं ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।
Tags
बस्ती