स्वच्छता और देशभक्ति का संगम: शेखपुरा में प्लास्टिक कचरे से बनी ‘मां भारती’ की प्रतिमा स्वतंत्रता दिवस पर बनेगी आकर्षण

प्रतिमा को पेंट करते सूरज

कलवारी (बस्ती) ग्राम पंचायत शेखपुरा के सफाई कर्मी सूरज चक्रवर्ती न केवल सफाई कार्य में जुटे हैं, बल्कि स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता की एक मिसाल भी पेश कर रहे हैं। उन्होंने गांव-गांव जाकर लोगों को स्वच्छता के महत्व और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया है।

सूरज की अनोखी पहल के तहत ग्रामीणों से प्लास्टिक कचरा एकत्र किया जाता है, जिसे बेचकर प्राप्त राशि पंचायत कोष में जमा की जाती है। इसी एकत्रित प्लास्टिक कचरे से ‘मां भारती’ की प्रतिमा तैयार की गई है, जिसे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।

प्रतिमा को इस समय पुनः पेंट किया जा रहा है और पंचायत भवन में इसे पूरी गरिमा के साथ स्थापित करने की तैयारी चल रही है। 15 अगस्त को यह प्रतिमा प्रभात फेरी में शामिल की जाएगी, जिससे लोगों में स्वच्छता और देशभक्ति का संदेश एक साथ पहुंचे।

पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सूरज की इस पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि यह कार्य न केवल स्वच्छ भारत मिशन को बल देता है, बल्कि रचनात्मक तरीके से कचरे के पुनः उपयोग का प्रेरक उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।

सूरज चक्रवर्ती का मानना है कि यदि हर गांव में लोग इसी तरह जागरूक हों और कचरे को संसाधन के रूप में देखें, तो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक विकास में भी बड़ा योगदान दिया जा सकता है।
Previous Post Next Post