बस्ती जिले के कप्तानगंज रेंज में स्थित राजा उदय प्रताप नारायण सिंह पक्षी बिहार में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी देखने को मिल रही है। पार्क में डस्टबिन की कोई व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण जगह-जगह कचरा फैला रहता है। स्वच्छता की इस कमी से पर्यावरण और आने वाले सैलानियों दोनों को असुविधा हो रही है।
महिलाओं और बच्चों के लिए हालात और मुश्किल हो जाते हैं क्योंकि पार्क में शौचालय और साफ पानी की सुविधा नहीं है। चाय-पानी के लिए कोई स्टॉल नहीं है, बच्चों के मनोरंजन के लिए न तो झूले हैं और न ही खेल सामग्री। पार्क में लगी बेंचें जर्जर हो चुकी हैं और पुराने हैंडपंप झाड़ियों में घिरे पड़े हैं, जिससे पानी की समस्या और भी बढ़ जाती है। वहीं, पार्क की पगडंडियां उखड़ने लगी हैं, जिससे टहलने वाले लोगों को परेशानी होती है।
स्थानीय निवासी रोशन कुमार का कहना है, "पार्क में घुसने पर तो सब साफ-सुथरा दिखता है, लेकिन अंदर के रास्तों में झाड़ियों के कारण विषैले जीवों का खतरा बना रहता है।" वहीं अनूप का कहना है, "न शुद्ध पानी और न ही शौचालय की व्यवस्था है, जिससे महिलाएं असहज महसूस करती हैं। इस पार्क में सफाई कर्मचारी भी बहुत कम दिखाई देते हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि पार्क में खाने-पीने की कोई व्यवस्था नहीं है और न ही ओपन जिम की सुविधा मौजूद है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यह पार्क पक्षियों के संरक्षण और पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण है, लेकिन सुविधाओं की कमी के कारण इसका आकर्षण कम हो रहा है। लोगों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई कर पार्क में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि यह जगह फिर से पर्यटकों के लिए सुरक्षित और आकर्षक बन सके।
Tags
बस्ती