| लिखित सुलहनामा की प्रति |
बस्ती। बहादुरपुर ब्लॉक अंतर्गत बेलवाडाड़ गांव के आंबेडकर पार्क में खण्डित हुई डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा महीनों बीत जाने के बाद भी नहीं बदली गई है। ग्राम प्रधान रामफेर द्वारा लिखित आश्वासन देने के बावजूद पार्क आज भी सूना पड़ा है, जिससे ग्रामीणों में गहरी नाराज़गी और निराशा है।
गांव के इस आंबेडकर पार्क में प्रतिमा इसी साल आंबेडकर जयंती पर स्थापित की गई थी, जिसका लोकार्पण ग्राम प्रधान रामफेर ने किया था। लेकिन कुछ ही महीनों बाद प्रतिमा खण्डित हो गई।
मौके पर मौजूद ग्रामीण दिलीप कुमार और दीपक कुमार ने बताया कि प्रतिमा खण्डित होने के एक सप्ताह के भीतर ही ग्राम प्रधान को सूचना दी गई थी। उस समय प्रधान रामफेर ने लिखित आश्वासन भी दिया था कि जल्द नई प्रतिमा लगाई जाएगी। लेकिन अब महीनों गुजरने के बावजूद कोई पहल नहीं हुई है।
दलित समुदाय के ग्रामीण जसवंत कुमार ने कहा, “हमने बड़ी मुश्किल से आंबेडकर जी की प्रतिमा यहां स्थापित कराई थी। लेकिन अब वह भी सुरक्षित नहीं रह पाई। नई प्रतिमा न लगने से ऐसा लगता है कि हमारी भावनाओं की कोई कद्र नहीं है।”
इस बीच, ग्रामीणों ने अब प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। मंगलवार को उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है, ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
Tags
बस्ती