कलवारी चौराहे पर जलजमाव से राहगीर परेशान, नाली न होने से बिगड़े हालात

राम जानकी मार्ग पर हुआ जल जमाव 


बस्ती जिले में कलवारी चौराहे के पास राम जानकी मार्ग पर हल्की बारिश में भी जलजमाव की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग-28 को क्रॉस करती है और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के अधीन आती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात का पानी सड़क पर जमा हो जाता है और कई दिनों तक सूखता नहीं। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण मार्ग पर आवागमन बेहद कठिन हो जाता है। राहगीरों को कीचड़ और गंदगी से होकर गुजरना पड़ता है। पैदल यात्री सबसे ज्यादा प्रभावित हैं, क्योंकि पानी में सड़क की स्थिति का अंदाजा न होने से वे अक्सर फिसल जाते हैं या भीग जाते हैं।

राहगीर विनोद पाण्डेय ने बताया कि “थोड़ी सी बारिश में भी सड़क पर घुटने तक पानी भर जाता है। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के लिए गुजरना मुश्किल हो जाता है।” वहीं, दुकानदार मनोहर लाल ने कहा, “बारिश होते ही पूरी सड़क तालाब जैसी लगने लगती है। लोग कीचड़ से होकर आते जाते हैं, पैदल चलने वाले लोगों को दुकानों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है।”

कीचड़ से होकर गुजरता बाइक सवार


प्रेम प्रकाश चौधरी का कहना है कि अगर सड़क के किनारे पक्की नाली का निर्माण हो जाए तो पानी की निकासी संभव हो सकेगी और लोगों को राहत मिलेगी। स्थानीय दुकानदार राकेश चौधरी ने कहा हमें रोज इसी रास्ते आना- जाना होता है, कीचड़ और गंदगी में हमारे कपड़े भी खराब हो जाते हैं। सरकार को इस सड़क की स्थित सुधारनी चाहिए।

लोगों ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से मांग की है कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाए और सड़क के किनारे नाली का निर्माण कराया जाए, ताकि हल्की बारिश में भी सड़क पर जलजमाव न हो और लोगों को परेशानी से मुक्ति मिल सके।

प्रभाकर

Journalist, activist, and PhD scholar with a passion for social change and environmental advocacy. Founder of Tree Initiatives. Byline contributions at Dainik Bhaskar and IMTV India. Former researcher at India News. Alumnus of IIMC and the University of Delhi.

Previous Post Next Post