नौली पंचायत का रजपुरवा मार्ग गड्ढों में तब्दील, ग्रामीणों का जनप्रतिनिधियों पर आक्रोश

रजपुरवा गांव से गुजरने वाली सड़क

बस्ती। बहादुरपुर ब्लॉक में शिव चौराहा से सोंधिया घाट होकर उमरिया तक जाने वाली सड़क इन दिनों ऊबड़ खाबड़ रास्तों में तब्दील हो चुकी है। यह सड़क कई गांवों को जोड़ते हुए आगे बढ़ती है इसलिए इसे ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा भी मानी जाती है। मुख्य रूप से नौली पंचायत के रजपुरवा गांव से गुजरने वाली सड़क पूरी तरह जर्जर और गड्ढों में तब्दील होकर हादसों को न्योता दे रही है।

बरसात शुरू होते ही सड़क की परत पूरी तरह उखड़ गई है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों में पानी और कीचड़ भर जाने से पैदल चलना तो दूर, मोटरसाइकिल और चार पहिया वाहन चलाना भी जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल जाने वाले बच्चों और बीमार लोगों को अस्पताल तक पहुंचाना अब बेहद मुश्किल हो गया है।

गांव के श्याम लाल ने बताया, “सड़क की हालत इतनी बदतर है कि हर दिन छोटे-बड़े हादसों का डर बना रहता है।” अमृत कुमार और मनीष कुमार ने कहा कि “बरसात में पानी भरने से गड्ढे दिखते ही नहीं और लोग गिरकर घायल हो जाते हैं।”

बुद्ध सागर और अशोक कुमार ने आक्रोश जताते हुए कहा कि “कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क की मरम्मत के लिए प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया।”
वहीं कुसौरा निवासी ऑटो चालक  मिठाई ने बताया कि “इस सड़क पर ऑटो चलाना खतरे से खाली नहीं है। आए दिन गाड़ी खराब हो जाती है और यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है।”

ग्रामीणों का कहना है कि राजपुरवा की यह सड़क शिव चौराहा से सोंधिया घाट होकर उमरिया को जोड़ने वाली मुख्य कड़ी है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो बड़े हादसे होने से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है।
Previous Post Next Post