सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवटिया में डॉक्टर्स और स्टाफ नदारद, मरीज़ की शिकायत पर हड़कंप

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवटिया

बस्ती। विकासखंड सदर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवटिया की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई। सोमवार को बेलवाडाड़ निवासी दीपक अपनी पत्नी का इलाज कराने अस्पताल पहुंचे तो वहां न डॉक्टर मिले और न ही फार्मासिस्ट। खाली अस्पताल देखकर उन्होंने तुरंत मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) बस्ती डॉ. राजीव निगम को फोन पर शिकायत दी।

CMO को सूचना मिलते ही आनन-फानन में डॉक्टर्स कि एक टीम अस्पताल पहुंची और इलाज शुरू किया। लेकिन इस घटना ने स्वास्थ्य केंद्र की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दीपक कुमार ने बताया, “प्रभारी डॉ. विनोद कुमार, महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना चौधरी और फार्मासिस्ट दिलीप कुमार पांडेय — तीनों ही उस समय अस्पताल में मौजूद नहीं थे। अक्सर यही स्थिति रहती है और समय पर उपलब्ध न होने से मरीजों को भारी असुविधा होती है।”

मरीजों का आरोप है कि प्रभारी डॉक्टर विनोद कुमार अक्सर अस्पताल में अनुपस्थित रहते हैं और अपने प्राइवेट क्लिनिक में व्यस्त रहते हैं। इसी कारण इलाज कराने आए मरीज घंटों भटकते हैं या निराश होकर लौट जाते हैं।

मरवटिया CHC में फिलहाल प्रभारी डॉ. विनोद कुमार, महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना चौधरी और फार्मासिस्ट दिलीप कुमार पांडेय नियुक्त हैं। लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित उपस्थिति न होने के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अपने उद्देश्य को पूरा नहीं कर पा रहा।

इलाज़ के लिए आने वाले मरीजों की मांग है कि स्वास्थ्य विभाग यहां नियमित निगरानी रखे ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके और सरकारी अस्पताल पर भरोसा कायम रहे।
Previous Post Next Post