आदर्श नगर पंचायत नगर बाजार में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राएं इन दिनों गंदगी, जलजमाव और मच्छरों की भारी समस्या से जूझ रही हैं। विद्यालय के ठीक सामने नालियों का गंदा पानी जमा हो गया है, जिससे बदबू फैल रही है और वातावरण अस्वच्छ बना हुआ है। बरसात के मौसम में हालात और भी बिगड़ गए हैं, जिसके चलते विद्यालय के चारों ओर जल भराव की स्थिति बनी हुई है।
विद्यालय परिसर के बाहर घूमते अवैध सूअरों से भी छात्राओं में डर और असुरक्षा का माहौल है। इसके चलते छात्राओं को न केवल स्वास्थ्य संबंधी खतरा है, बल्कि उनका स्कूल में मन लगाकर पढ़ पाना भी मुश्किल होता जा रहा है।
विद्यालय की वार्डन नीलम पांडे ने बताया कि इस समस्या को लेकर उन्होंने कई बार नगर पंचायत कार्यालय में मौखिक शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा, “हम लगातार नगर पंचायत से गुहार लगा रहे हैं कि विद्यालय के पास जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए और गंदगी साफ कराई जाए, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सुनवाई नहीं हो रही है।” और बताया कि 22बच्चे बीमार हो चुके हैं जिनका इलाज मैंने करवाया।
गौरतलब है कि प्रशासन की ओर से संचारी रोगों से बचाव के लिए आम लोगों को जागरूक किया जाता है कि आसपास सफाई रखें और पानी जमा न होने दें। लेकिन जब शैक्षणिक संस्थानों के सामने ही ऐसी लापरवाही देखने को मिले तो सरकारी प्रयासों की गंभीरता पर सवाल खड़े होना लाजिमी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत की उदासीनता से न केवल छात्राएं प्रभावित हो रही हैं, बल्कि पूरे क्षेत्र में संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। अभिभावकों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है ताकि छात्राएं सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण में पढ़ाई कर सकें।
अब देखना होगा कि नगर पंचायत कब जागती है और इस गंभीर समस्या का समाधान करती है।
Tags
बस्ती