| ख़राब सड़क |
बस्ती जिले में शेखपुरा भट्ठे से सिंगही गांव तक जाने वाली PWD की सड़क इन दिनों पूरी तरह जर्जर स्थिति में है। खासकर बरईजोत गांव के निवासियों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए हैं, जो बरसात में पानी से भरकर दुर्घटना का कारण बन रहे हैं।
राहगीर राम विलास ने कहा सड़क की हालत पिछले कई महीनों से खराब है, लेकिन किसी विभागीय अधिकारी ने अब तक सुध नहीं ली। बरसात में कीचड़ और पानी भर जाने से राहगीरों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
शेखपुरा निवासी जोखूराम ने बताया कि वे अपने नवनिर्माणाधीन जयगुरुदेव आश्रम के कार्य के लिए रोज इसी रास्ते से गुजरते हैं। "मजदूर और मिस्त्री भी इसी जर्जर रास्ते से आते हैं, जिससे उन्हें रोज दिक्कत होती है।"
चकदहा निवासी 74 वर्षीय हरिराम दुबे का कहना है, "जब हम अपनी गाड़ी से निकलते हैं तो पूरे 2 किलोमीटर रास्ते में शरीर हिल जाता है और कमर दर्द होने लगता है।"
बरईजोत निवासी कमलावती ने बताया कि "करीब छह महीने से यह सड़क बहुत खराब है। हम साइकिल से कुसौरा तक जाते हैं तो रास्ते की झटकों से तबियत बिगड़ जाती है, और कई बार साइकिल पंचर हो जाती है।"
सिंगही निवासी दीपक सोनकर ने भी गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, "शेखपुरा भट्ठे से मनौआ चौराहे तक की सड़क बेहद खराब है। इस रास्ते पर कई बाइक सवार गिर चुके हैं। राहगीरों को चलना भी मुश्किल हो गया है।"
ग्रामीणों ने PWD विभाग और जिला प्रशासन से सड़क की मरम्मत की मांग की है और कहा है कि यदि जल्द कार्यवाही नहीं हुई, तो वे प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
Tags
बस्ती