| शेखपुरा में स्थित हनुमान मंदिर |
बस्ती, उत्तर प्रदेश। कलवारी थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरियों से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। शेखपुरा के हनुमान मंदिर में मंगलवार रात हुई चोरी के बाद मुख्य पुजारी आशाराम ने आमरण अनशन शुरू कर दिया। वे बुधवार सुबह से बिना वस्त्रों के तपती धूप में बैठे हैं। पुजारी का कहना है, “अब हमें केवल ईश्वर पर भरोसा है, पुलिस पर नहीं। यहां पुलिस किसी को भी पकड़कर मामले को निपटा देती है।”
पुजारी ने यह भी बताया कि दो दिन पहले मंदिर से सीलिंग फैन चोरी हुआ था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने अनशन खत्म करने से इनकार कर दिया और कहा कि हम अगर न्याय नहीं मिला तो प्राण त्याग देंगे।
ग्रामीण प्रेम प्रकाश चौधरी ने कहा कि कलवारी क्षेत्र में चोरों पर पुलिस का खौफ बिल्कुल खत्म हो चुका है। “हाल ही में शेखपुरा से एक ही रात में कई लिस्टर पंप चोरी हुए, उसी रात एक गरीब की भैंस काट ली गई। लेकिन पीड़ितों को कोई मदद नहीं मिली।”
कृष्ण मुरारी गुप्ता ने कहा कि “मंदिर में हो रही चोरियों में आस-पास के ही लोगों का हाथ है, लेकिन पुलिस उन्हें पकड़ने में असफल रही है। हम निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं।”
![]() |
| अनशन पर बैठे पुजारी |
ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी के संस्थापक सदस्य और गन्ना किसान प्रतिनिधि राम कृष्ण पटेल ने कहा कि “मंदिरों में चोरी होना और पुलिस का नाकाम रहना चिंताजनक है। पुजारी आमरण अनशन पर हैं यदि प्रशासन ने समय रहते ध्यान नहीं दिया तो पुजारी की जान को खतरा हो सकता है। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।”
ग्रामीण रणविजय, संदीप पांडे और रामकुमार अग्रहरि ने भी मंदिर में हो रही चोरियों और पुलिस की निष्क्रियता पर नाराज़गी जताई।
इस मामले पर पुलिस अधीक्षक बस्ती ने संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष कलवारी को प्राथमिक जांच के निर्देश दिए हैं।
Tags
बस्ती
